
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह बंद कमरे में गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई। कल्याणपुर में हुई इस घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर में किराये के कमरे में रहने वाली संगीता पर बुधवार सुबह गोली चलाई गई। इसके बाद युवक कमलेश ने कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली। गोली महिला की कनपटी को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने दरवाजे की जाली तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।
कमरे के अंदर कमलेश और संगीता खून से लथपथ पड़े मिले। पुलिस ने घायल महिला को पहले विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून के ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश और संगीता दोनों शादीशुदा थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, कमलेश का महिला के घर अक्सर आना-जाना था। इसी आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद किया है, जिससे फायरिंग किए जाने की आशंका है।
पुलिस का कहना है कि घायल महिला के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।









