माल रोड पर गरजा बुलडोजर, अवैध निर्माण पर पालिका का वार, ठेकेदार से हुई बहस

खबर शेयर करें -

मसूरी। नगर पालिका परिषद ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। माल रोड पर सड़क किनारे लंबे समय से किए जा रहे अवैध निर्माण को नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

नगर पालिका की टीम जब जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची तो वहां सरकारी भूमि पर चल रहा निर्माण पाया गया, जिसे पहले ही नोटिस जारी कर रोके जाने के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान निर्माण करा रहे ठेकेदार और अधिशासी अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन नगर पालिका ने किसी दबाव में आए बिना अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाया।

अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अनधिकृत निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि माल रोड पर मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई गई एंटीक रेलिंग को काटकर पिछले काफी समय से अवैध निर्माण किया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में ठेकेदार को पहले भी नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद मनमानी करते हुए निर्माण को पक्का कर दिया गया। इसी के चलते नगर पालिका को सख्त कदम उठाना पड़ा और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।

नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई से शहर में अवैध अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से मसूरी की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

सम्बंधित खबरें