
बाजपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ऊधमसिंहनगर जिले के बाजपुर स्थित एक फैक्ट्री में चल रहे नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया है। कार्रवाई के दौरान बिना वैध लाइसेंस के नामी दवा कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक और जीवन रक्षक दवाइयों का निर्माण कर बाजार में सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ। एसटीएफ ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कुमाऊं यूनिट, औषधि प्रशासन विभाग, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या एफ-13 एवं एफ-14) पर छापेमारी की। यहां से धीरेन्द्र पुत्र ब्रह्म सिंह, निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
आयुर्वेदिक लाइसेंस की आड़ में बन रही थीं नकली दवाइयां
जांच में सामने आया कि आरोपी आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में बिना किसी वैध एलोपैथिक औषधि निर्माण लाइसेंस के STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग कर उन्हें बाजार में सप्लाई कर रहा था।
पूछताछ के आधार पर एनएच-74 स्थित गोदाम में भी छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, पैकिंग सामग्री और अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था।
एसटीएफ ने फैक्ट्री और गोदाम से करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद की हैं। इनमें अम्लता (एंटासिड), एंटीबायोटिक, दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट रोग, कैल्शियम एवं विटामिन सप्लीमेंट तथा आयरन टॉनिक जैसी दवाइयां शामिल हैं। बरामद दवाओं में ALKASOL, CEFIFINE-200, VELTAM, NIMUFIN, SUNCLAV, RUBIRED Suspension, OSTOCALCIUM B12 Suspension, VELTAM PLUS, GABAPIN और SOMPRAZ जैसी दवाइयां शामिल हैं।








