
हरिद्वार। साइबर ठगों ने हरिद्वार में ठगी के दो अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को 4.17 लाख रुपये की चपत लगा दी। रानीपुर क्षेत्र में फर्जी निवेश एप के जरिये एक व्यक्ति से 2.74 लाख रुपये ठग लिए गए, जबकि बहादराबाद में ई-चालान का लिंक क्लिक करते ही एक युवक का मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने उसके दो बैंक खातों से 1.43 लाख रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रानीपुर क्षेत्र के बीएचईएल निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि पिछले दिनों फर्जी निवेश एप के माध्यम से उनके साथ 2.74 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने 1,06,839 रुपये की रकम होल्ड करा दी थी। साइबर सेल से शिकायत संबंधित थाने में स्थानांतरित होने के बाद अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वहीं, बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी, दादूपुर गोविंदपुर निवासी युवक ने बताया कि 15 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर ई-चालान का संदेश आया था। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उसके एक बैंक खाते से 95 हजार रुपये और दूसरे खाते से 48 हजार रुपये निकाल लिए। इस तरह युवक को कुल 1.43 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











