
हल्द्वानी । कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल में युवती के साथ ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत होने से मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तबीयत बिगड़ने से कुछ समय पहले युवक ने शक्ति वर्धक गोली ली थी। हालांकि, गोली लेने और मौत के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। होटल में युवक के साथ मौजूद युवती से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि युवती से पूछताछ की गई है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











