पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में हल्द्वानी में हंगामा, पुलिस से भिड़े छात्र

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी । पेपर लीक मामले में दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज के छात्रों ने शुक्रवार को विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक अर्थी निकालते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

छात्रों का जुलूस एमबीपीजी कॉलेज से तिकोनिया चौराहे की ओर बढ़ा। रास्ते में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को अर्थी के साथ आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस द्वारा प्रतीकात्मक अर्थी को अपने कब्जे में लेने के बाद छात्रों का विरोध और तेज हो गया। प्रदर्शनकारी लगातार शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों के साथ हुई कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। बाद में छात्र जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां भी अपना विरोध जारी रखा।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने दिल्ली की घटना की निष्पक्ष जांच कराने, छात्रों पर हुई कार्रवाई की निंदा करने तथा छात्र हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

इस बीच कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भी लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और अब तक बड़े स्तर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। उन्होंने निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

सम्बंधित खबरें