एसपी सिटी ने सड़क हादसे में घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। कालाढूंगी में सोमवार दोपहर बर पुल के पास कोटाबाग रोड पर मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 21 वर्षीय मोहम्मद फैज गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान रामनगर की ओर जा रहे एसपी सिटी हरबंस सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालाढूंगी पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, छोटी हल्द्वानी निवासी मोहम्मद फैज मोटरसाइकिल से अपने गांव की ओर जा रहा था। सोमवार दोपहर करीब 12:10 बजे बर पुल के पास सामने से आ रही स्कूटी से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में फैज के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। एसपी सिटी ने तत्काल कालाढूंगी पुलिस को मौके पर बुलाया और घायल को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना में शामिल स्कूटी चालक मौके से चला गया। पुलिस उसकी जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नक्शे देखें

सम्बंधित खबरें