
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इस बैठक में अधिकारियों को प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को वर्तमान परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए मजबूत किया जाए। विशेष रूप से चारधाम यात्रा, राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठानों और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में शामिल होने के बाद यह निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके तहत यात्रा मार्गों और चारों धामों—बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को और मजबूत करने की बात कही। इन क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की निगरानी के लिए इंटेलिजेंस तंत्र को सक्रिय करने और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रखने का निर्देश दिया।
आपात स्थितियों से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने जिला और तहसील स्तर पर आवश्यक वस्तुओं और खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावा, अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने और सभी जरूरी दवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगोली और वी.के. सुमन उपस्थित रहे।