उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट, अगले तीन दिन भारी बरसात, सतर्क रहें

खबर शेयर करें -

देहरादून। मौसम विभाग की चेतावनी ने प्रशासन और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। चारधाम यात्रा से जुड़े उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ने की आशंका है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। 24 जुलाई को अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि 25 और 26 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह अवधि चारधाम यात्रा के लिहाज से काफी संवेदनशील रहेगी।

चारधाम यात्रा के प्रमुख मार्ग पहले से ही कई लैंडस्लाइड जोन से होकर गुजरते हैं। भारी बारिश के दौरान इन इलाकों में मलबा और चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने और यात्रियों के फंसने की स्थिति बन सकती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लें, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ों में मौसम तेजी से बदलता है, इसलिए सावधानी बरतना ही सुरक्षित यात्रा का सबसे बेहतर उपाय है।

सम्बंधित खबरें