उत्तराखंड में बारिश व ओलावृष्टि का रेड अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गर्जना के साथ बिजली चमकने, ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 27 और 28 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दो दिनों में होने वाली बारिश और ओलावृष्टि से बागवानी, कृषि और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। लोगों को ओलावृष्टि और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि खुले क्षेत्रों में लोगों और मवेशियों को चोट लगने की आशंका है।

27 जनवरी को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 जनवरी को नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जहां मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 27 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 28 जनवरी को उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, हरिद्वार, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी से मौसम में कुछ हद तक सुधार देखने को मिलेगा। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 30 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 31 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर हल्की बारिश और 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

सम्बंधित खबरें