केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आव्हान पर आज श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने मजदूर विरोधी 4 श्रमिक संहिताओं के खिलाफ गल्ला मंडी रुद्रपुर में धरना

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आव्हान पर आज श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने मजदूर विरोधी 4 श्रमिक संहिताओं के खिलाफ गल्ला मंडी रुद्रपुर में धरना व सभा का आयोजन किया।

इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की मजदूरों के प्रति उपेक्षा, अनदेखी और पूंजीपतियों के प्रति परस्ती के कारण मजदूर आज गुलामी की ओर धकेल दिया गया है। मोदी सरकार द्वारा पुराने 44 श्रम कानून खत्म कर दिए गए हैं और लॉकडाउन में चोरी से बिना संसद में बहस चलाए 4 नई श्रमिक संहिताएं बना दी गई है। मोदी सरकार पूंजीपतियों के प्रति परस्ती के कारण मजदूर वर्ग घोर अन्याय तब झेल रहे हैं जब सभी श्रम कानून मजदूरों के पक्ष में है। यदि मोदी सरकार द्वारा लाई गई 4 नई श्रम संहिताएं लागू हो जाती है तो मजदूरों के पास कानूनन लड़ाई लड़ने का हक भी खत्म हो जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने मजदूरों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने और श्रमिकों का श्रम चूसकर पूंजीपतियों द्वारा बेहिसाब मुनाफा कमाने के लिए ही इन कानूनों को पारित किया है। अगर ये श्रम संहिताएं लागू हो जाती है तो मजदूरों का उत्पीड़न, शोषण करने का कानूनी हक फैक्ट्री मालिकों को मिल जाएगा, 8 घंटे के बजाए 12 घंटे काम कराया जायेगा। इन श्रम संहिताओं के खिलाफ पूरे देश में आज 25 करोड़ कर्मचारी, श्रमिक हड़ताल पर हैं।

वक्ताओं ने कहा कि आज हर चीज को मोदी सरकार पूंजीपतियों के हवाले किए दे रही है। सबसे ताजा उदाहरण गरीबों के लिए शिक्षा पाने वाले सरकारी स्कूल को क्लस्टर स्कूल के नाम पर बंद करने का है। उत्तराखंड में ही 1488 स्कूल बंद करने की योजना सरकार की है। इसके खिलाफ बड़ा जनांदोलन छेड़ने की जरूरत है।

वक्ताओं ने कहा कि हमारी मांगे है कि 4 श्रम संहिताएं वापस ली जाएं, न्यूनतम वेतन 30000 प्रतिमाह किया जाए, सिडकुल सहित तमाम उद्योगों व संस्थानों में श्रमिक उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए, महिला स्कीम वर्करों जैसे आशा – आंगनबाड़ी – भोजनमाता को राज्य कर्मचारी का दर्ज दिया जाए। यदि मोदी सरकार 4 श्रम संहिताओं को लागू करती है तो मजदूर वर्ग बड़ा जनांदोलन भाजपा सरकार के खिलाफ करेगा।

वक्ताओं में मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, सी एस टी यू के मुकुल, इंकलाबी मजदूर केंद्र के कैलाश भट्ट, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राजेंद्र सिंह, इंटक के जनार्दन सिंह, ऐक्टू के ललित मटियाली , किसान सभा के जागीर सिंह, नेस्ले कर्मचारी संघ के संजय नेगी, इंटरार्क मजदूर संगठन के सौरभ, मंत्री मैटेलिक्स वर्कर्स यूनियन के निरंजन लाल, बेलराइज वर्कर्स यूनियन के प्रकाश बोरा, रॉकेट रिद्धि सिद्धि के धीरज जोशी, बजाज कर्मकार यूनियन हीरा राठौर, राने मद्रास एम्पलाइज यूनियन के जगदीश, एडवीक कर्मचारी संघ के राजू सिंह, मासा अभियान के सुरेंद्र रावत, आनंद निशिकावा एम्पलाइज यूनियन के आनंद निशिकावा आदि मजदूर नेताओं ने संबोधित किया।

सम्बंधित खबरें