
हल्द्वानी। ओएसिस द वर्ल्ड स्कूल विद्यालय हल्द्वानी का 11वाँ वार्षिक समारोह “उत्सव 2025” हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम “रेट्रो से मेट्रो – हास्य उत्सव एवं उत्तराखंड रजत जयंती समारोह” रही।

कार्यक्रम में प्रस्तुत रेट्रो गीतों, हास्य नृत्य प्रस्तुतियों एवं उत्तराखंडी लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तराखंड के गठन के 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा को समर्पित कुमाऊँनी नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। उत्तराखंड की कला, लोकसंगीत और सांस्कृतिक विरासत ने पूरे सभागार का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कुमाऊँनी एवं गढ़वाली लोकसंस्कृतियों की रंगारंग झलक ने ऐसा समा बाँधा कि दर्शकों की तालियाँ देर तक गूँजती रहीं। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, लोकसंस्कृति एवं कला से जुड़े चांदनी इंटरप्राइजेज के संस्थापक नरेंद्र सिंह टोलिया ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही उत्तराखंड के ‘नाना पाटेकर’ के नाम से प्रसिद्ध वरिष्ठ रंगकर्मी श्री घनश्याम भट्ट, “हिमाली हवा सु रु रु” से ख्याति प्राप्त लोकगायक गणेश मार्तोलिया, लोकगायक संदीप सोनू तथा समाजसेवी ओ.पी. पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनकी लोककला एवं संस्कृति के प्रति सजगता की सराहना की तथा विद्यालय के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती आशा जोशी ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल एवं सशक्त मंच संचालन शम्भू दत्त साहिल एवं श्रीमती अंजू नगरकोटी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक किशोर गहतोड़ी, प्रधानाचार्या श्रीमती आशा जोशी, सी.ए. सरोज आनंद जोशी, डॉ. प्रवीन रौतेला, दयासागर बिष्ट, मोहन जोशी एवं विपिन चंद्र पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।








