
हल्द्वानी । साधना कुटीर, ट्रांसपोर्ट नगर, रामपुर रोड हल्द्वानी में निःशुल्क हड्डियों में कैल्सियम जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों की हड्डियों संबंधी समस्याओं का निःशुल्क जांच एवं परामर्श दिया गया।

शिविर में सन फार्मा कंपनी और साधना कुटीर के संयुक्त सहयोग से घुटनों के दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द समेत अन्य हड्डी एवं जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों को लाभ पहुंचाया गया। शिविर में डॉ. पंकज तिवारी ने 80 मरीजों की विस्तृत जांच की और उन्हें उचित फिजियोथेरेपी सलाह दी। शिविर में कैल्सियम स्तर की जांच के साथ-साथ दर्द निवारण, व्यायाम और जीवनशैली से जुड़ी निःशुल्क सलाह भी उपलब्ध कराई गई। आयोजकों ने बताया कि ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकें। लोगों ने इस पहल की सराहना की और आयोजकों व डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया।









