उत्तराखंड के मंदिर में डबल मर्डर!… गड्ढे से मिले दो साधुओं के शव, दहशत

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। पथरेश्वर महादेव मंदिर से दो साधुओं की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों साधुओं के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए थे।

घटना हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को दो साधुओं के लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका की सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफनाया गया। मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि दो साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढे में दबाने का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया। पुलिस हत्या के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर मंदिर के मुख्य पुजारी से पूछताछ की जरूरत महसूस की जा रही है। पुलिस के अनुसार, वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सम्बंधित खबरें