नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत, गोताखोरों की मदद से बरामद हुए शव

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मानसून के दौरान प्रशासन द्वारा लोगों को लगातार नदी नालों से दूर रहने को कहा जा रहा है। पूर्व में भी इन नदी नालों में डूबने से कई घरों के चिराग बुझ चुके हैं, बावजूद इसके कई युवक और किशोर गर्मी से राहत पाने की चाह में इन नदी नालों में नहाने के लिए पहुंच रहे हैं, और हादसों का शिकार बन रहे हैं। ऐसे ही एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों ने अपनी जान गंवा दी। किशोरों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार मोटाहल्दु क्षेत्र के बाकुलिया ग्राम निवासी अंकित भौर्याल (15) पुत्र दीवान सिंह भौर्याल और कृष दानू (15) पुत्र दरबान सिंह दानू नहाने के लिए गौला नदी की ओर निकले। जब दोनों देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की। ढूंढने पर भी दोनों का कुछ पता नहीं चल सका।

लगातार खोजबीन की गई तो नदी किनारे दोनों के कपड़े मिले, जिससे बच्चों के नदी में डूबने की आशंका गहरा गई। ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई। जिसके बाद पहले एक किशोर और फिर लगभग 11 बजे दूसरे का शव बरामद हुआ। घटना के बाद से किशोरों के परिवारों के साथ ही क्षेत्र में भी मातम छाया हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अंकित कक्षा 9 और कृष कक्षा 10 का छात्र था।

सम्बंधित खबरें