हल्द्वानी: उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, सरकार पर जमकर बरसे विधायक सुमित हृदयेश

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी में शनिवार को कांग्रेस ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपना विरोध जताया।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में जुटे और उन्होंने प्रदेश सरकार व पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस का कहना था कि नैनीताल समेत पूरे प्रदेश में दिनदहाड़े अपहरण, हत्याएं और महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और पुलिस भाजपा और सरकार के इशारों पर काम कर रही है। आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड महिला अपराध के मामले में देश में पहले नंबर पर है। प्रदेश में लूट, हत्या और अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अपराध पूरे देश ने देखे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के विरोध में आवाज उठाने वालों को पुलिस थाने में बैठाकर प्रताड़ित किया जा रहा है और पुलिस सरकार और भाजपा के दबाव में काम कर रही है।

धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून व्यवस्था सुधारने की मांग दोहराई। रामगढ़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन नेगी ने प्रदेश सरकार के साथ ही नैनीताल पुलिस और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। कहा कि नैनीताल में जिला पंचायत चुनाव के मामले में हाईकोर्ट के फैसले का राज्य की जनता इंतजार कर रही है। उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा। महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट और जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने सभी का आभार जताया।

सम्बंधित खबरें