
हल्द्वानी। सत्ताधारी दल के एक जनप्रतिनिधि की गुंडागर्दी का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने अपने घर के बाहर एक युवक पर गोली चला दी। गोली लगने से जज फार्म निवासी युवक नितिन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या के पीछे कुछ दिन पहले हुआ आपसी विवाद मुख्य कारण था। घटना रामपुर रोड क्षेत्र की है, जहां पार्षद और युवक के बीच कहासुनी हुई और गुस्साए पार्षद ने हथियार निकाल कर युवक को मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है।
वार्ड पार्षद अमित बिष्ट का नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्षद की दबंगई से क्षेत्र में अक्सर तनाव रहता था। इससे पूर्व भी एक मामले में इसी पार्षद के पक्ष में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ चुके हैं, जिसने उस समय काफी राजनीतिक सुर्खियां बटोरी थीं। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं ताकि कानून हाथ में लेने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।








