
देहरादून। रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के डॉ. मुक्ति भटनागर सुभारती स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिज़ाइन की ओर से एक दिवसीय फोटोग्राफी वर्कशॉप एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान एवं रचनात्मक कौशल से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर राजू पुशोला की ‘बर्ड्स ऑफ उत्तराखंड’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध पक्षी विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
वर्कशॉप के दौरान राजू पुशोला ने छात्रों को पक्षियों के प्रवास, जीवनशैली और व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उत्तराखंड को पक्षियों के लिए अत्यंत अनुकूल क्षेत्र बताते हुए उनके संरक्षण और मानव जीवन में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराते हुए इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर भी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी सहभागिता रही। सब रजिस्ट्रार पूनम कौशिक ने कहा कि विभाग द्वारा हर वर्ष डॉ. मुक्ति भटनागर की पुण्यतिथि के अवसर पर इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजन किए जाते हैं, जिससे छात्रों को नई दिशा मिलती है।
डीन डॉ. रीता तिवारी ने प्रदर्शनी को स्वर्गीय संघमाता डॉ. मुक्ति भटनागर को समर्पित बताते हुए कहा कि विभाग छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और उन्हें करियर के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।







