केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण का फर्जी वीडियो दिखा बुजुर्ग से ठग लिए 30 लाख रुपए

खबर शेयर करें -

देहरादून। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का फर्जी वीडियो दिखाकर साइबर ठगों ने देहरादून के बुजुर्ग से 30 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर अपराध थाने पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शास्त्रीनगर में रहने वाले 62 वर्षीय सुदर्शन सिंह रावत ने फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा वीडियो देखा। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री की छवि का भी इस्तेमाल किया गया था। इस पर उन्होंने वीडियो में बताई गई ग्लोबिनोक डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर लिया। इसके बाद नौ अप्रैल को उनके पास यूके (+44) वाले नंबरों से कॉल आने लगी।

शुरुआत में एडवाइजर बनकर ठगों ने मात्र 200 डॉलर का निवेश कराया व इसे बेसिक अकाउंट बताया। इसके बाद गोल्ड अकाउंट की सुविधा और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर उनसे हर दिन पैसे जमा कराने लगे। पीड़ित को फर्जी वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर उनकी रकम और ट्रेडिंग का मुनाफा दिखता रहा। इस के बाद 23 अप्रैल को अचानक कंपनी ने उनका अकाउंट फ्रीज कर दिया। तब तक रावत 11,700 डॉलर जमा कर चुके थे। जब पीड़ित ने पैसे निकालने चाहे, तो मात्र 50 डॉलर वापस आए।

इसके बाद अकाउंट अनफ्रीज करने का झांसा देते हुए कई बार में करीब 21,700 डॉलर का निवेश और करा लिया गया। इसके बाद भी रावत अकाउंट से रकम नहीं निकाल पाए। पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने जांच की तो पता चला कि कंपनी की वेबसाइट फर्जी है और भारतीय रिजर्व बैंक में पंजीकृत भी नहीं है। इस पर रावत ने साइबर अपराध थाने में तहरीर दी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सोमवार को अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सम्बंधित खबरें