1109 करोड़ बैंक धोखाधड़ी: CBI ने चार राज्यों में मारा छापा, काशीपुर में भी सर्च ऑपरेशन

खबर शेयर करें -

काशीपुर। 1109 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने चार राज्यों में सख्त कार्रवाई की। एजेंसी ने उत्तराखंड के काशीपुर समेत पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह छापा 18 जुलाई को मारा गया, जबकि आधिकारिक पुष्टि 19 जुलाई को की गई।

सीबीआई के अनुसार, यह मामला एम/एस गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, भुवनेश्वर (ओडिशा) के खिलाफ दर्ज किया गया है। कंपनी पर केनरा बैंक से लगभग 1109 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

जांच एजेंसी का आरोप है कि कंपनी ने स्टॉक का मूल्य बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया, व्यापारिक देयों (Trade Receivables) को कृत्रिम रूप से बढ़ाया तथा वित्तीय दस्तावेजों में हेरफेर कर बैंक से अधिक ऋण सुविधाएं प्राप्त कीं। इसके अलावा, ऋण की राशि का दुरुपयोग करने और खातों की एवरग्रीनिंग (Evergreening) कर बैंक को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश, सीबीआई, भुवनेश्वर द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी कंपनी के निदेशकों के आवासों, कोलकाता स्थित पंजीकृत कार्यालय तथा कंपनी की तीन विनिर्माण इकाइयों पर की गई। इनमें काशीपुर (जनपद ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड) स्थित इकाई भी शामिल है। इसके अलावा तमिलनाडु के तिरुवल्लूर और ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित परिसरों की भी तलाशी ली गई।

सीबीआई ने बताया कि तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें