
हल्द्वानी । बुधपार्क में रविवार को भारी बारिश के बावजूद विभिन्न संगठनों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। यह धरना रामलीला ग्राउंड में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद तथाकथित जातिवादी शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया जा रहा है।
किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने कहा कि, रामलीला मैदान सार्वजनिक संपत्ति है इसलिए उसमें जातिवादी मनुवादी आचरण करने वालों को छूट नहीं दी जानी चाहिए जिससे समाज में बंटवारा करने की भाजपा की राजनीति को बल मिलता है. अँग्रेजी राज की तर्ज़ पर फूट डालो और राज करो की नीति के बल पर समाज में वैमनस्य फैलाने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जानी चाहिए. इसलिये तत्काल ऐसे लोगों और संगठन के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए।
अनशनकारी प्रवीण आर्य ने कहा कि, तथाकथित शुद्धीकरण करने वाले जातिवादी मनुवादी तत्त्वों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाय. उन्होंने इस बात पर क्षोभ प्रकट किया कि तथाकथित शुद्धीकरण का वीडियो, प्रेस नोट सब उपलब्ध होने के बावजूद नैनीताल पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में आंखें मूँदे हुए है यह शर्मनाक है. भाजपा की राज्य सरकार एक सम्मानित राष्ट्रीय नेता के खिलाफ जातिवादी आचरण करने वालों को संरक्षण दे रही है. यह बराबरी के संविधान प्रदत्त अधिकारों का उल्लंघन तो है ही साथ ही यह संघ-भाजपा की जातिवादी मानसिकता को भी उजागर करता है।
धरने के माध्यम से मांग की गई कि रामलीला ग्राउंड, हल्द्वानी में तथाकथित शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जाय, अन्यथा धरना जारी रहेगा।
अनिश्चितकालीन धरने के पहले दिन अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय, मूल निवासी संघ राज्य उपाध्यक्ष दीपक चनियाल, प्रदेश संगठन सचिव आर पी गंगोला, पी आर टम्टा, किसान महासभा बागजाला के सचिव वेद प्रकाश, उपाध्यक्ष विमला देवी, हेमा आर्य, आर आर लोहिया, अनीता, हेमा देवी, सुनीता देवी, हेमा देवी द्वितीय, रचना, बिमला सहित अनशनकारी प्रवीण आर्य आदि शामिल रहे।









