उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) में आज जुलाई 2026 सत्र के नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली, शैक्षणिक व्यवस्थाओं, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली तथा उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं से परिचित कराना था, ताकि वे अपनी अध्ययन यात्रा को बेहतर ढंग से समझते हुए शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी द्वारा उद्घाटन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने परिचयात्मक सत्र के माध्यम से शिक्षार्थियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के परिचय, उसकी स्थापना एवं शैक्षणिक उद्देश्यों तथा हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र की भूमिका और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के अध्यक्षीय संबोधन में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन शिक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराती है, जो व्यक्तिगत, सामाजिक अथवा व्यावसायिक परिस्थितियों के बीच अपनी उच्च शिक्षा जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने शिक्षार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखने, तनाव से बचने तथा समय प्रबंधन की आदत विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने नियमित अध्ययन, असाइनमेंट समय पर जमा करने और परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने पर भी बल दिया। उन्होंने शिक्षार्थियों को अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. गिरिजा पांडे ने मुक्त विश्वविद्यालयों के विकास एवं इतिहास की संक्षिप्त जानकारी देते हुए मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की अवधारणा, विशेषताओं और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह शिक्षा प्रणाली विभिन्न परिस्थितियों में शिक्षार्थियों को अपनी सुविधानुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले शैक्षणिक अवसरों और संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने नियमित रूप से अपनी ईमेल जाँचने तथा विश्वविद्यालय से प्राप्त होने वाली सूचनाओं और निर्देशों से जुड़े रहने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि वे महत्वपूर्ण शैक्षणिक अपडेट से वंचित न रहें।

विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षारंभ कार्यक्रम को शिक्षार्थी-केंद्रित शैक्षणिक पहल के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने शिक्षार्थियों को मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की विशेषताओं, शैक्षणिक संसाधनों तथा अध्ययन केंद्रों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद भविष्य में विश्वविद्यालय के अन्य अध्ययन केंद्रों पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विभिन्न क्षेत्रों के नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक सुविधाओं और अध्ययन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन की जानकारी प्राप्त हो सके।

नक्शे देखें

सम्बंधित खबरें