
देहरादून। हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस आगामी चुनाव तक गरमाए रखना चाहती है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले में सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने की तैयारी कर रही है। इस रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व अन्य राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय मल्लिकार्जुन खरगे की रैली हुई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर शुद्धिकरण करने के मामले ने तूल पकड़ा। कांग्रेस का पार्टी के राष्ट्रीय दलित नेता खरगे के अपमान को लेकर आक्रामक रुख है।
कांग्रेस की मांग है कि राज्यपाल से लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों व सभी पुलिस थानों में तहरीर देने के बाद भी शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा की शह पर हल्द्वानी में पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
पार्टी अब शुद्धिकरण प्रकरण के विरोध में सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस नेता कूच को सफल बनाने के लिए तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रैली में राहुल गांधी व अन्य राष्ट्रीय नेता भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस ने इसका औपचारिक एलान नहीं किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि सात सितंबर को प्रदेश भर के कार्यकर्ता सीएम आवास कूच करेंगे। शुद्धिकरण के मामले में कांग्रेस अंतिम समय में लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा, रैली में राहुल गांधी के आने का अभी कोई कार्यक्रम तय नहीं है।









